
बिलासपुर। जिले की कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। सरकंडा और सकरी थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में एक साल से फरार ठगी के आरोपी पूर्व आरक्षक और नशे में हमला करने वाले अपराधी को गिरफ्तार कर कानून का कड़ा संदेश दिया है।
सरकंडा: एक साल बाद पकड़ाया आरक्षक
सरकंडा पुलिस ने पूर्व आरक्षक श्रीकांत मार्को को गिरफ्तार किया है।, करीब एक वर्ष पूर्व 2.5 लाख और एक टाटा जेस्ट कार की ठगी कर फरार हो गया था। पीड़ित आदित्य श्रीवास्तव की शिकायत पर 3 फरवरी 2024 को एफआईआर दर्ज हुई थी,। जिसमें कहा गया था कि आरोपी ने कार को पीएचई विभाग में लगवाने और लाभ दिलाने का झांसा दिया, लेकिन फिर न पैसे लौटाए, न कार वापस की।

पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बंधवापारा स्थित अपने निवास पर लौटा है। तत्काल कार्रवाई कर आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने जुर्म स्वीकार किया। सरकंडा थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पांडेय की टीम ने वैधानिक कार्यवाही कर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
सकरी: नशे में हमला करने वाला गिरफ्तार
थाना सकरी अंतर्गत ग्राम चोरभट्टी खुर्द में नशे में धुत आरोपी मोहम्मद ईशराक अली ने गोपी वर्मा पर जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित अपने दोस्तों के साथ साबिर गैराज के पास बैठा था, तभी आरोपी वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने नुकीली वस्तु से गोपी पर हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घायल गोपी वर्मा का इलाज सिम्स अस्पताल में जारी है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है।